जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने सड़क सुरक्षा को लेकर दिए सख्त निर्देश, जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न
गोण्डा: सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तार से मंथन किया गया। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए।
मजदूर यात्रियों के लिए किराया कार्ड जारी करने के निर्देश
बैठक में जिलाधिकारी ने श्रम विभाग को निर्देशित किया कि मजदूर यात्रियों की सुविधा के लिए किराया कार्ड जारी किए जाएं, ताकि उन्हें यात्रा के दौरान मिलने वाली सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सके।
mParivahan ऐप के प्रचार-प्रसार पर रहेगा विशेष जोर
जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि आमजन के बीच mParivahan ऐप के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि डिजिटल सेवाओं के माध्यम से वाहन संबंधी दस्तावेज और सुविधाएं लोगों तक आसानी से पहुंचेंगी तथा सड़क सुरक्षा के प्रति भी जागरूकता बढ़ेगी।
दुर्घटना पीड़ितों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को शीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि दुर्घटना की स्थिति में घायलों को निकटतम स्वास्थ्य केंद्र से आवश्यकता के अनुसार सीधे सूचीबद्ध (एम्पैनल्ड) अस्पतालों में रेफर किया जाए, ताकि उन्हें समय पर बेहतर इलाज मिल सके। साथ ही पीएम कैशलेस ट्रीटमेंट स्कीम के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश भी दिए गए।
स्कूलों में पढ़ाई जाएगी सड़क सुरक्षा
जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों में शुरू से ही यातायात नियमों के प्रति जागरूकता विकसित करना जरूरी है। इसके लिए प्राथमिक, जूनियर और इंटरमीडिएट स्तर तक सड़क सुरक्षा संबंधी विषयों को पाठ्यक्रम में शामिल कराने की दिशा में आवश्यक पहल करने के निर्देश दिए गए।
यातायात नियमों के पालन और जनजागरूकता पर बल
बैठक में सड़क सुरक्षा अभियान को और प्रभावी बनाने, यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जनजागरूकता अभियान तेज करने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने जनसहभागिता बढ़ाने और सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।
बैठक में रहे मौजूद
बैठक में अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, एआरटीओ प्रशासन आर.सी. भारतीय, पुलिस क्षेत्राधिकारी सिटी, पुलिस क्षेत्राधिकारी ट्रैफिक, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
