
हंडिया थाना क्षेत्र से होकर गुजरने वाले बनारस-कानपुर हाईवे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एथेनॉल से भरा एक टैंकर अचानक बीच सड़क पर रिसने लगा. टायर फटने के बाद टैंकर में लीकेज शुरू हो गया. गनीमत रही कि चालक अरूण कुमार ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन को सुरक्षित जगह पर रोक लिया, वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था. यह ट्रक मिर्जापुर से प्रयागराज जा रहा था.
40 हजार लीटर था ट्रक में एथेनॉल
जानकारी के मुताबिक टैंकर में 40 हजार लीटर से अधिक एथेनॉल लदा था और वह वाराणसी से कानपुर की तरफ जा रहा था. हंडिया के पास पहुंचते ही तेज आवाज के साथ टायर फट गया. इसके साथ ही टैंकर के निचले हिस्से से एथेनॉल टपकना शुरू हो गया. ज्वलनशील पदार्थ को सड़क पर बहता देख चालक घबरा गया. उसने तुरंत वाहन की गति धीमी की और हाईवे किनारे खाली स्थान देखकर टैंकर खड़ा कर दिया. साथ ही इंजन बंद कर चाबी निकाल ली. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई. लोग इधर-उधर भागने लगे. कुछ लोगों ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस और फायर ब्रिगेड को जानकारी दी.
